चौपाल लगाने पहुंचे भाजपा सांसद को देखते ही सोमवार सुबह कोसम खिराज के ग्रामीण बिफर पड़े। विकास कार्य नहीं होने से खफा गांव वालों ने नारेबाजी शुरू कर दी। बाद में सांसद ने समझाबुझाकर ग्रामीणों का गुस्सा शांत कराया। सांसद ने अधिकारियों से 24 घंटे के भीतर गांव में कराए गए विकास कार्यों की प्रगति रिपोर्ट मांगी है।
भाजपा सांसद विनोद सोनकर सोमवार सुबह चौपाल लगाने कौशाम्बी ब्लॉक के कोसम खिराज गांव गए थे। उन्हें देखते ही गांव वाले भड़क गए और सांसद वापस जाओ जैसे नारे लगाने लगे। गांव के लोग विद्युतीकरण का कार्य सालों बाद भी पूरा नहीं होने, जोगापुर पंप कैनाल नहीं शुरू होने, नहर में पानी नहीं आने व जोगापुर गांव में जलनिकासी की व्यवस्था नहीं होने से गुस्साए थे। ग्रामीणों की समस्या सुनने के बाद सांसद ने विभागीय अधिकारियों को हफ्ते भर के भीतर दिक्कतें दूर करने का निर्देश दिया। इसके बाद सांसद ने डिजिटल लाइब्रेरी का भूमि पूजन किया।
केक काटकर पीएम मोदी का जन्मदिन भी मनाया। ग्रामीणों की ओर से किए गए विरोध प्रदर्शन से नाराज सांसद ने अधिकारियों से 24 घंटे के भीतर गांव में कराए गए विकास कार्यों की प्रगति रिपोर्ट मांगी है। सांसद का कहना है कि लापरवाह अफसरों व कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई कराई जाएगी। इस मौके पर सीडीओ इंद्रसेन सिंह, बीडीओ हरिश्चंद्र सिंह, सेक्रेटरी सत्यप्रकाश पांडेय, अवर अभियंता अजय कुमार, ग्राम प्रधान अशोक गौतम आदि मौजूद रहे।