फिलहाल भरवारी में नहीं होगा निकाय चुनाव
निर्वाचन आयोग ने कौशाम्बी की छह नगर पंचायतों के लिए जारी की अधिसूचना
पहले चरण में 22 नवम्बर को पड़ेंगे वोट
अमर उजाला ब्यूरो।
मंझनपुर। नवगठित नगर पालिका परिषद भरवारी का मामला पेचीदा होता जा रहा है। यहां फिलहाल निकाय चुनाव नहीं होगा। भरवारी को छोड़ जिले की बाकी छह नगर पंचायतों में प्रथम चरण के तहत 22 नवंबर को वोट डाले जाएंगे।
प्रदेश सरकार ने हाल ही में टाउन एरिया भरवारी को नगर पालिका परिषद का दर्जा दिया है। नवगठित नगर पालिका में आसपास के गांवों को जोड़कर 25 वार्ड बनाए गए हैं। पखवाड़े भर पहले आयोग ने यहां पुराने परिसीमन के आधार पर सिर्फ 12 वार्डों में ही चुनाव कराने का फरमान जारी किया था। तभी से अध्यक्ष के चुनाव को लेकर संशय बना था। शुक्रवार शाम निर्वाचन आयोग की जारी अधिसूचना में साफतौर पर नगर पालिका परिषद भरवारी के चुनाव पर रोक लगा दी गई। आयोग ने जिला निर्वाचन अधिकारी को भेजे गए पत्र में साफ निर्देश दिया है कि भरवारी को छोड़कर कौशाम्बी की बाकी सभी नगर पंचायतों में प्रथम चरण के तहत 22 नवम्बर को मतदान कराया जाएगा। जिला निर्वाचन अधिकारी/डीएम मनीष कुमार वर्मा ने इसकी पुष्टि करते हुए बताया कि जिले की करारी, भरवारी, सिराथू, अजुहा, सरायअकिल तथा चायल नगर पंचायतों में ही निकाय चुनाव होगा।