झोलाछाप चिकित्सक ने ले ली अधेड़ की जान
मृतक की पत्नी ने इलाज में लापरवाही का लगाया आरोप, एसपी से शिकायत
अमर उजाला ब्यूरो
मंझनपुर। कोखराज इलाके के मलाक भायल गांव के एक अधेड़ की जान झोलाछाप चिकित्सक ने ले ली। शुक्रवार रात पेट दर्द होने पर घर वाले उसे चिकित्सक के पास ले गए थे। आरोप है कि इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। मृतक की पत्नी का आरोप है कि चिकित्सक की लापरवाही से उसके पति की मौत हुई है। जिसकी शिकायत उसने दूसरे दिन पुलिस से की पर कोई सुनवाई नहीं हुई। सोमवार को पीड़िता ने पुलिस अधीक्षक को प्रार्थना पत्र देते हुए न्याय की गुहार लगाई है।
कोखराज थाना क्षेत्र के मलाक भायल गांव निवासी मूसे लाल गरीब मजदूर था। शुक्रवार रात अचानक पेट में तेज दर्द होने पर पत्नी गीता देवी उसे गांव के ही एक झोलाछाप चिकित्सक के पास ले गई। बताया कि इंजेक्शन लगाने के बाद डॉक्टर उसे दो-तीन गोलियां दी। कहां इसे एक-एक घंटे के अंतर में खिलाते रहना। एक खुराक दवा देने के बाद वह गाफिल हो गया। जब तक घर वाले अधेड़ को कहीं और इलाज के लिए ले जाते उसकी सांसें थम र्गइं। दूसरे दिन मृतक की पत्नी चिकित्सक के खिलाफ शिकायत लेकर थाने पहुंची। आरोप है कि पुलिस ने डांटकर उसे थाने से भगा दिया। इलाकाई पुलिस से न्याय नहीं मिलते देख सोमवार को पीड़िता मंझनपुर पहुंची और मामले की शिकायत पुलिस अधीक्षक से की। एसपी अशोक कुमार पांडेय ने एसओ कोखराज को जांच कर कार्रवाई का निर्देश दिया है।