मंझनपुर। लोक सभा चुनाव और होली के त्योहार को लेकर एडीजी एनएन सावंत ने गुरुवार को जिले के थानेदारों के साथ बैठक की। एडीजी ने कहा कि चुनाव में संवेदनशील और अति संवेदनशील गांवों को चिह्नित कर वहां रहने वाले शातिरों को पाबंद करने का निर्देश दिया।
एडीजी ने कहा कि चुनाव के पहले लोगों के शस्त्र लाइसेंस हर हाल में जमा कराए जाएं। चुनाव में जिनसे भी गड़बड़ी की आशंका है उन्हें पाबंद किया जाए। चुनाव आचार संहिता का कड़ाई से अनुपालन कराया जाए। वाहनों की रूटीन में चेकिंग की जाए। गाड़ियों से झंड़ा और बैनर हटाने के लिए अभियान चलाया जाए। होली के पर्व को लेकर कहा कि जिस स्थान पर पहले से होलिका दहन होता रहा है वहां पर ही होलिका दहन कराया जाए। नए स्थान पर होलिका नहीं जलेगी। वांछित और इनामिया अपराधी के लिए अभियान चलाकर कार्रवाई की जाए। पुलिस यह सुनिश्चित कर लें कि किसी गांव में कोई दबंग मतदान प्रभावित नहीं कर सके। लोग निर्भीक होकर मतदान करें यह विश्वास जनता के बीच जगाना होगा। बैठक में जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा, एसपी प्रदीप गुुप्ता, एएसपी अशोक कुमार, सीओ सदर एसएन पाठक सहित जिले भर के थानेदार मौजूद रहे।