ब्लॉक प्रमुख चायल ने दिया इस्तीफा
जिला पंचायत अध्यक्ष ने किया स्वीकार, छह को नहीं होगा अविश्वास
अमर उजाला ब्यूरो
मंझनपुर ।
क्षेत्र पंचायत चायल की ब्लॉक ने छह सितंबर को निर्धारित अविश्वास प्रस्ताव पर जोरदार पलटवार किया है। अविश्वास प्रस्ताव न हो इसके लिए उन्होंने अपना इस्तीफा सोमवार को जिला पंचायत अध्यक्ष अनामिका सिंह को भेज दिया। अध्यक्ष ने इस्तीफा स्वीकार करते हुए प्रशासन को जानकारी भेज दी है। इस्तीफा मंजूर किए जाने की जानकारी विपक्षियों को हुई तो वह औंधे मुंह गिरे नजर आए।
ब्लॉक प्रमुख निर्मला देवी चिल्ला सहबाजी गांव के वार्ड नौ से बीडीसी सदस्य हैं। ब्लॉक प्रमुख बनने के बाद से ही विपक्षी उनके खिलाफ तानाबाना बुन रहे थे। 17 अगस्त को मीरपुर गांव के वार्ड 46 की बीडीसी सदस्य अनीता देवी की अगुवाई में 50 में से 32 सदस्यों ने डीएम को हलफनामा देकर अविश्वास प्रस्ताव लाया। जांचोपरांत डीएम ने 18 अगस्त को अविश्वास प्रस्ताव की तारीफ छ: सितंबर निर्धारित कर दिया। तिथि निर्धारित होने के बाद अनीता देवी की अगुवाई में बीडीसी सदस्य नया प्रमुख बनाने को लेकर एक-एक दिन काट रहे थे। सोमवार को ब्लॉक प्रमुख निर्मला देवी ने अपने पद से इस्तीफा देकर अविश्वास की बाट जोह रहे बीडीसी सदस्यों के अरमानों पर पानी फेर दिया है। ब्लॉक का इस्तीफा जैसे ही जिला पंचायत अध्यक्ष अनामिका सिंह को मिला उन्होंने मंजूरी देते हुए प्रशासन को जानकारी दे दी। इसी के साथ छह सितंबर को होने वाला अविश्वास धड़ाम हो गया है। अब चायल में आगामी तिथि पर प्रशासन द्वारा चुनाव कराया जाएगा।