मुद्दा विहीन है सपा-बसपा का गठबंधन: महेंद्र नाथ
भाजपा प्रत्याशी के नामांकन में आए प्रदेश अध्यक्ष ने गिनाईं सरकार की उपलब्धियां
फोटो नं. 06
अमर उजाला ब्यूरो
मंझनपुर। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र नाथ पांडेय ने मंगलवार को कार्यकर्ताओं में जोश भरा। भाजपा प्रत्याशी विनोद सोनकर के नामांकन के पहले कार्यकर्ताओं से कहा कि चुनाव में उतरा सपा-बसपा गठबंधन मुद्दा विहीन है। भाजपा सरकार अपने काम के दम और आम जनता से जुड़े मुद्दों के बूते चुनाव मैदान में है।
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि आज सारे दल भाजपा को घेरने के लिए मैदान में है। किसी के पास कोई विकास का एजेंडा नहीं है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की जनहितकारी नीतियों के चलते सारे दल बौखला गए हैं। जयाप्रदा को लेकर आजम खां की आपत्तिजनक टिप्पणी पर कहा कि चुनाव आयोग को मामला संज्ञान में लेकर सख्त कार्रवाई करनी चाहिए। इस मौके पर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री नंद गोपाल गुप्ता नंदी, मेजा विधायक नीलम करवरिया, भाजपा जिलाध्यक्ष रमेश पासी, विधायक सदर लालबहादुर, विधायक सिराथू शीतला प्रसाद, विधायक चायल संजय गुप्ता, प्रत्याशी विनोद सोनकर सहित तमाम लोग मौजूद रहे।
भाजपा प्रत्याशी ने किया रोड शो, उमड़ा सैलाब
फोटो नं. 07, 05
मंझनपुर (ब्यूरो)। भाजपा प्रत्याशी विनोद सोनकर के समर्थन में कैबिनेट मंत्री नंद गोपाल गुप्ता ने रोड शो किया। इसे लेकर समर्थकों का सैलाब उमड़ पड़ा। संसदीय कार्यालय से वाहनों का काफिला कलक्ट्रेट तक पहुंचा। इस दौरान भाजपा और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जिंदाबाद के नारे लगाए गए।
----
सत्ता की हनक के आगे बौने दिखे अफसर
मंझनपुर (ब्यूरो)। लोकसभा चुनाव को लेकर भले ही आचार संहिता लगी हो लेकिन जिले में सत्ता की हनक अब भी कायम है। मंगलवार को नामांकन करने पहुंचे निवर्तमान सांसद के साथ कैबिनेट मंत्री नंद गोपाल गुप्ता और मेजा विधायक नीलम करवरिया भी थीं। प्रत्याशी विनोद तो प्रस्तावकों के साथ अंदर गए ही तमाम अन्य नेता भी कलक्ट्रेट तक चले गए। इस दौरान बैरिके डिंग में लगे पुलिस कर्मी तमाशबीन बने रहे।
-----------
भाजपा और प्रसपा के प्रत्याशी ने किया नामांकन
गाजे-बाजे के साथ समर्थकों संग कलक्ट्रेट पहुंचे प्रत्याशी
फोटो नं. 04, 10
अमर उजाला ब्यूरो
मंझनपुर। मंगलवार को भाजपा प्रत्याशी विनोद सोनकर और प्रगतिशील समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी राजदेव ने जिला निर्वाचन अधिकारी मनीष कुमार वर्मा के समक्ष नामांकन दाखिल किया। विनोद सोनकर ने चार और राजदेव ने दो सेट में नामांकन दाखिल किया।
निवर्तमान सांसद व भाजपा प्रत्याशी विनोद सोनकर चिल्ला शहबाजी मजरा सैयद सरावां निवासी हैं। उन्होंने अपने शपथ पत्र में दर्शाया कि उनके पास चार लाख 25 हजार चार सौ नकद है जबकि पत्नी संगीता सोनकर के पास तीन लाख 27 हजार नौ सौ रुपया है। विनोद सोनकर के पास चायल में इंडेन गैस की एजेंसी है। विनोद सोनकर और उनके पत्नी के बैंक खातों में लाखों रुपया जमा है। इसके अलावा पति-पत्नी के पास लाखों के जेवरात भी हैं। नामांकन के दौरान विनोद सोनकर के साथ चायल विधायक संजय गुप्ता, सदर विधायक लालबहादुर, सिराथू विधायक शीतला प्रसाद भी मौजूद रहे। प्रगतिशील समाजवादी पार्टी राजदेव ने अपने शपथ पत्र में बताया कि उनके पास नकद के तौर पर महज 50 हजार रुपया है। जबकि पत्नी के पास पैसा नहीं है। फिक्स डिपॉजिट और बैंकों में काफी पैसा जमा है। वाहन के रूप मे एक जीप और छह ग्राम सोने के जेवरात हैं।