चायल (ब्यूरो)। स्थानीय कस्बे की एक महिला ने सोमवार सुबह पति से झगड़े के बाद मिट्टी का तेल छिड़ककर खुद को आग के हवाले कर दिया। गंभीर हालत में उसे इलाहाबाद के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
चायल कस्बे के आजाद नगर का सोनू रैदास भट्ठे पर मजदूरी करके परिवार का खर्च चलाता है। बताया जाता है कि सोमवार सुबह पत्नी सीमा देवी से किसी बात को लेकर उसका झगड़ा हो गया। परिजनों के मुताबिक गुस्से में सीमा ने मिट्टी का तेल छिड़ककर खुद को आग के हवाले कर लिया। चीखें सुन मौके पर पहुंचे परिजन सीमा को आग की लपटों से घिरा देख सन्न रह गए। परिवार वालों ने सीमा को नजदीक के निजी अस्पताल में भर्ती कराया। जहां से प्राथमिक इलाज के बाद हालत नाजुक देख डॉक्टर ने इलाहाबाद रेफर कर दिया। मामले में किसी तरह की कोई शिकायत पुलिस से नहीं की गई है।