अजुहा। सड़क हादसों में एक बुजुर्ग की मौत हो गई। जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अजुहा कस्बे के मौलाना आजाद नगर निवासी सुंदरलाल (65) ने जीटी रोड पर कपड़ा प्रेस करने की दुकान खोल रखी थी। सोमवार की शाम तकरीबन छह बजे दुकान बंदकर सुंदरलाल हाईवे पर कर सब्जी लेने जा रहा था।
इसी दौरान कानपुर की तरफ से आ आ रही बेकाबू बाइक ने उसे टक्कर मार दी। इससे गंभीर रूप से घायल बुजुर्ग को स्थानीय लोगों ने निजी नर्सिंग होम में प्राथमिक उपचार कराने के बाद जिला अस्पताल में भर्ती करा दिया। जहां रात दस बजे उसकी मौत हो गई। घर के मुखिया की मौत से पीड़ित परिवार में कोहराम मचा हुआ है। वहीं दूसरी घटना बहुआ गांव के समीप सोमवार रात नौ बजे हुई। कस्बे के अंबेडकर नगर मोहल्ला निवासी बागवान और राहुल किसी काम से नांदेमई जा रहे थे। कस्बे से बाहर निकलते ही बहुंआ गांव के समीप सामने से आ रही बेकाबू बाइक ने इनकी बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार बागवान और राहुल घायल हो गए। इन्हें स्थानीय निजी क्लीनिक में भर्ती कराया गया है।