नगर पंचायत कार्यालय में शनिवार को बोर्ड की बैठक हुई। इसमें भवन कर में 10 और जलकर में 7.5 फीसदी बढ़ोतरी का प्रस्ताव पास हुआ। इसके अलावा नगर के अन्य विकास कार्यों पर भी चर्चा की गई।
कार्यालय के सभागार में अध्यक्ष शांति कुशवाहा की अध्यक्षता में बैठक हुई। इसमें सभासदों ने अपने-अपने वार्डों की समस्याएं उठाई। ईओ रश्मि सिंह ने सभी का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण कराने का आश्वासन दिया। बैठक में बोर्ड के समक्ष भवन कर में 10 फीसदी और जलकर में 7.5 फीसदी की बढ़ोतरी का प्रस्ताव रखा, जो सर्वसम्मति से पास हो गया। साथ ही अन्य मदों से भी पंचायत की आय बढ़ाने पर भी चर्चा हुई। जीटी रोड पर वार्ड नंबर चार में पशु अस्पताल के पास अस्थाई टैक्सी स्टैंड बनाने का प्रस्ताव भी पास हुआ। इस स्टैंड के बनने से भोला चौराहा पर लगने वाले जाम की समस्या से निजात मिलेगी।