सिराथू कस्बे में चोरी के बाद बिखरा सामान। संवाद
कस्बे में बुधवार रात अलग-अलग स्थानों पर घर और दुकान का ताला तोड़कर चोर नकदी-जेवर समेत करीब 10 लाख का सामान उठा ले गए। बृहस्पतिवार की सुबह पुलिस ने मौका-मुआयना किया। तहरीर लेकर पुलिस घटनाओं की छानबीन में जुट गई है।
सैनी कोतवाली के सिराथू कस्बे में टॉकिज रोड निवासी मुकीम अहमद सऊदी अरब में रहते हैं। घर पर उनकी पत्नी अयामुन निशां बच्चों के साथ रहती हैं। अयामुन के मुताबिक मंगलवार को वह घर पर ताला बंद कर निमंत्रण में शामिल होने रिश्तेदारी चली गईं।
बृहस्पतिवार सुबह लौटने पर घर का ताला टूटा था। पीड़ित के मुताबिक चोर कमरे व अलमारी का ताला तोड़कर 1.25 लाख नकद, सात तोले सोने व एक किलो चांदी के जेवर समेत 10 लाख का सामान लेकर फरार हो गए।
इसी तरह सैनी रोड स्थित यादव मार्केट में प्रतीक केसरवानी ने कृष्णा इंटरप्राइजेज नाम से दुकान खोल रखी है। बुधवार रात ताला तोड़कर चोर सात हजार की नकदी सहित हजारों रुपये के सामान उठा ले गए। कोतवाली प्रभारी बृजेश कुमार करवरिया ने बताया कि तहरीर मिली है। छानबीन की जा रही है। जल्द ही दोनों घटनाओं का खुलासा कर दिया जाएगा।
दुकान के सामने खड़ी बाइक उठा ले गए चोर
सैनी कोतवाली के कुजीपुर मोड़ स्थित हाईवे किनारे दुकान के सामने खड़ी बाइक चोरों ने पार कर दी। फतेहपुर जनपद के माझिलगांव निवासी सुभाष सिंह ने बताया कि हाईवे पर कुंजीपुर मोड के पास किराये का कमरा लेकर उसने दुकान खोल रखी है। बुधवार रात वह अपनी बाइक दुकान के सामने खड़ी कर सो गए। भोर में नींद खुली तो बाइक गायब थी। पीड़ित ने कोतवाली पहुंचकर तहरीर दी है।