मंझनपुर। सरसवां ब्लाक के ऊनो गांव में हुए 13 लाख रुपये के कथित घोटाले की जांच शुरू हो गई है। ग्रामीणों की शिकायत को गंभीरता से लेते हुए डीएम ने सीडीओ को जांच के निर्देश दिए थे। सीडीओ ने जिला प्रोबेशन अधिकारी को प्रकरण की जांच कर रिपोर्ट देने का निर्देश दिया है। प्रोबेशन अधिकारी के सड़क हादसे में घायल हो जाने की वजह से अभी तक जांच अधर में लटकी थी। अब प्रकरण की जांच शुरू हो गई है। इसे लेकर त्रिसदस्यीय टीम के आरोपी सदस्यों के होश उड़े हैं।
सरसवां ब्लाक की ऊनो ग्राम सभा का खाता वर्ष 2014 से सीज चल रहा है। विकास कार्यों के लिए गांव में त्रिसदस्यीय समिति गठित की गई है। 28 अप्रैल को गांव के लोगों ने डीएम राजमणि यादव को दिए गए शिकायती पत्र में बताया था कि त्रिसदस्यीय समिति के सदस्य ने बगैर विकास कार्य करवाए 13 लाख रुपये का भुगतान करवा लिया है। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए डीएम ने सीडीओ को जांच के निर्देश दिए थे। इसके बाद तत्कालीन मुख्य विकास अधिकारी भोलानाथ मिश्र ने 15 मई को जिला प्रबोशन अधिकारी को निर्देश दिया था कि वह प्रकरण की जांच कर 19 मई तक रिपोर्ट दें।
प्रबोशन अधिकारी अभिषेक पांडेय ने बताया कि वह सड़क हादसे में घायल हो गए थे। इसकी वजह से मामले की जांच में देरी हो गई। अब उन्होंने जांच शुरू कर दी है। जल्द ही घोटाले के आरोपों की जांच रिपोर्ट दे दी जाएगी। बतादें कि डीएम राजमणि यादव ने इस मामले में आरोपों की पुष्टि होने पर कड़ी से कड़ी कार्रवाई करने का निर्देश दिया है।