फोटो23 सहावर में सड़क हादसे में हुई युवक की मौत के बारे में जानकारी करती पुलिस।संवाद
सहावर। गांव नगला कुबेर के पास बृहस्पतिवार दोपहर वाहन की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत हो गई। हादसे में उसका छोटा भाई घायल हो गया। दोनों भाई ड्राइविंग लाइसेंस बनवाने के लिए कासगंज स्थित आरटीओ कार्यालय जा रहे थे।
पटियाली क्षेत्र के नगला टीका गांव निवासी शिवेंद्र (26) पुत्र राजनेश यादव बृहस्पतिवार दोपहर 2 बजे छोटे भाई प्रियांशु (16) के साथ बाइक से कासगंज आरटीओ कार्यालय जा रहे थे। इसी दौरान जब वह नगला कुबेर गांव के पास पहुंचे तो तेज गति से आ रहे किसी अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों उछलकर दूर जा गिरे। मौके पर राहगीर व आस-पास के लोगों की भीड़ जुट गई। किसी ने फोन कर हादसे की सूचना पुलिस को दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने एंबुलेंस की मदद से दोनों को सहावर स्वास्थ्य केंद्र पर भर्ती कराया।
यहां डॉक्टर ने शिवेंद्र को मृत घोषित कर दिया। वहीं घायल प्रियांशु का उपचार अस्पताल चल रहा है। युवक की मौत की जानकारी मिलने पर परिजन मौके पर पहुंच गए।
शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। परिजन की ओर से तहरीर मिलने पर प्राथमिकी दर्ज की जाएगी। - दुर्गेंश कुमार मिश्रा, सहावर सीओ
फोटो23 सहावर में सड़क हादसे में हुई युवक की मौत के बारे में जानकारी करती पुलिस।संवाद