फोटो10-कासगंज के गांव हिम्मतपुर सई में युवक की मौत के बाद मौके पर एकत्रित भीड़। संवाद
कासगंज। सदर कोतवाली क्षेत्र के गांव हिम्मतपुर सई में शनिवार शाम एक पारिवारिक कलह के कारण युवक ने घर के अंदर दुपट्टे से फंदा लगाकर अपनी जान दे दी। पत्नी के साथ मारपीट करने पर परिजन के रोके जाने से नाराज होकर युवक ने यह कदम उठाया। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।
गांव हिम्मतपुर सई निवासी सोनू कुमार (19) पुत्र शंकरलाल की शादी महज छह माह पहले रूबी के साथ हुई थी। बड़े भाई ओमवीर सिंह ने जानकारी दी कि शनिवार शाम किसी बात को लेकर सोनू का अपनी पत्नी से विवाद हो गया था। आरोप है कि वह पत्नी की पिटाई कर रहा था।
इस पर परिजन ने उसे ऐसा करने से मना किया। इस बात से नाराज होकर वह कमरे में चला गया और अंदर फंदा लगा लिया। कुछ देर बाद परिजन ने जब उसे फंदे पर लटका देखा तो आनन-फानन में नीचे उतारा। तुरंत जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मृतक तीन भाइयों में मझला था। सदर सीओ आंचल चौहान ने बताया कि पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच की जा रही है।
फोटो10-कासगंज के गांव हिम्मतपुर सई में युवक की मौत के बाद मौके पर एकत्रित भीड़। संवाद