कासगंज के धान मील रोड स्थित एक निजी स्विमिंग पूल में सोमवार शाम नहा रहे एक युवक की डूबने से मौत हो गई। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
मोहल्ला नाथूराम गली खेड़िया निवासी अमित कुमार (30) सोमवार को धान मील रोड पर ईदगाह के पीछे स्थित निजी स्विमिंग पूल में नहाने के लिए छोटे भाई सुमित व दोस्तों के साथ गए थे। नहाते समय वह गहराई में चले गए और डूबने लगे।
सुमित ने भाई को डूबते देखा तो शोर मचा दिया। इससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। पूल के आसपास मौजूद लोगों ने अमित को बचाने के लिए प्रयास शुरू कर दिए। जैसे-तैसे अमित को पूल से बाहर निकाला गया लेकिन तब तक वह बेसुध हो चुके थे।