फोटो 01 कासगंज प्रभुपार्क मनकामेश्वर मंदिर में पूजा करते भक्त। स्रोत:संवाद
कासगंज। सावन मास के पहले सोमवार को पूरी नगरी भोर होने से पहले ही शिवमय हो उठी। सुबह की पहली किरण के साथ ही शहर के मंदिरों में घंटियों की गूंज और ‘ओम नमः शिवाय’ का जाप सुनाई देने लगा। दिनभर शिवालयों में दर्शन, जलाभिषेक और भक्ति का ऐसा अद्भुत माहौल रहा कि मंदिरों से लेकर आसपास के बाजारों तक आस्था की विशेष रौनक दिखाई दी।
सबसे अधिक भीड़ शहर के प्रसिद्ध भूतेश्वर मंदिर में देखने को मिली, जहां सुबह से ही श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लग गईं। इसके अलावा चामुंडा स्थित शिव मंदिर, मालगोदाम रोड, प्रभु पार्क स्थित मनकामेश्वर मंदिर, रेलवे रोड, गली बोहरान, बारहद्वारी और खिड़किया मोहल्ला के शिवालयों में भी भारी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे।
पूजा की थाल लिए महिलाओं, युवाओं और बुजुर्गों का मंदिरों की ओर तांता लगा रहा और पूरे दिन मंत्रोच्चार, भजनों तथा रुद्राभिषेक का दौर चलता रहा। लहरा गंगा घाट से जल भरकर कई श्रद्धालु पैदल ही शिवालयों तक पहुंचे। भक्तों ने भगवान शिव का गंगाजल से अभिषेक कर बेलपत्र, भांग, धतूरा, सफेद पुष्प और अन्य पूजन सामग्री अर्पित की।
इस पावन पर्व का असर बाजारों पर भी साफ नजर आया। मंदिरों के आसपास सजी दुकानों पर पूजन सामग्री खरीदने वालों की भारी भीड़ रही। बेलपत्र, धतूरे और फूलों के साथ-साथ 10 रुपये प्रति थैली बिकने वाली तैयार पूजा सामग्री की जमकर बिक्री हुई। दिनभर मंदिर परिसरों में उत्साह का वातावरण रहा, जहां भक्तों ने व्रत रखकर परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की।