जनपद फर्रुखाबाद निवासी सोमवती पत्नी प्रेमपाल की ओर से पटियाली सीओ संदीप वर्मा को दिए गए प्रार्थना पत्र के अनुसार, उसने बेटी प्रियंका (20) की शादी सिकंदरपुर वैश्य गांव गंगपुर निवासी रविन्द्र पुत्र छोटेलाल के साथ दिसंबर 2024 में की थी। उनका आरोप था कि शादी के बाद उनकी बेटी को दामाद रविंद्र ने कहीं गायब कर दिया।
आरोप लगाया था कि एक साल से उनकी बेटी का कोई पता नहीं है। इसके बाद सीओ ने रविन्द्र के पिता छोटेलाल को बुलाकर उससे पूछताछ की गई। पिता ने पुत्र और पुत्रवधू के किसी शहर में मजदूरी करने की बात बताई। इसके बाद पुलिस ने रविंद्र व उसकी पत्नी की बरामदगी के प्रयास शुरू कर दिए।
पुलिस की टीम हरियाणा के बल्लभगढ़ से रविंद्र को हिरासत में लेकर थाने ले आई। पुलिस ने उससे पत्नी के बारे में पूछताछ की गई। पुलिस को उसने पूछताछ में बताया कि उसकी पत्नी इंस्टाग्राम पर किसी से चैट करती थी। उसके समझाने के बाद भी वह नहीं मानी।
मार्च 2025 में वह अपनी पत्नी को गांव ले आया और उसकी हत्या कर रात में उसका शव खेत में दफना दिया था। उसकी बात सुनकर पुलिस के भी होश उड़ गए। सीओ की मौजूदगी में पुलिस ने उसके बताए स्थान पर बुधवार को मजदूर व बुलडोजर से खोदाई कराने का कार्य शुरू करवा दिया। खोदाई के दौरान खेत से उसका कंकाल पुलिस ने बरामद किया।
फॉरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य संकलित किए। पुलिस ने कंकाल को पोस्टमार्टम गृह पर रखवा दिया है। पटियाली सीओ संदीप वर्मा ने बताया कि प्रियंका इंस्टाग्राम पर किसी से बात करती थी। इसी बात से नाराज होकर रविंद्र ने मार्च 2025 में उसकी हत्या कर शव खेत में दफना दिया था।