फोटो18गांव दहेली खुर्द में पेयजल पाइप लाइन बिछाने के बाद जर्जर हुआ खड़ंजा। संवाद
कासगंज। सिढ़पुरा विकास खंड की ग्राम पंचायत दहेली खुर्द में पेयजल योजना के तहत दो वर्ष पहले पेयजल की पाइपलाइन बिछाई गई थी। इसके लिए खड़ंजाें की खोदाई की गई थी जिसकी मरम्मत अभी तक नहीं कराई गई है। इससे लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने जिलाधिकारी से खड़ंजों की मरम्मत कराने की मांग की है।
ग्रामीण अनिल सोलंकी ने बताया कि मिट्टी और ईंटें उखड़ जाने से सड़क जर्जर हो गई है। आड़ी-तिरछी ईंटें लगने से लोग ठोकर लगने से गिरकर चोटिल हो जाते हैं। स्कूली बच्चों और मरीजों को आवागमन में ज्यादा दिक्कत होती है। ग्रामीण गगन ने बताया कि संबंधित विभाग और ग्राम पंचायत को कई बार बताया गया पर समस्या का समाधान नहीं हुआ। खंड विकास अधिकारी श्रेति गर्ग ने बताया कि गांव में जर्जर खड़ंजे की जांच कर उसकी मरम्मत कराई जाएगी।