उत्तर प्रदेश के कासगंज में मानपुर नगरिया क्षेत्र में ट्रेन की चपेट में आने से ग्रामीण की मौत हो गई। रेलवे लाइन के किनारे शव मिलने की सूचना पर ग्रामीणों की भीड़ लग गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करके जानकारी ली।
नगरिया रेलवे स्टेशन से करीब 1.5 किलोमीटर दूर बदायूं की ओर रेलवे लाइन के निकट ग्रामीणों को शनिवार की सुबह एक शव पड़ा मिला। शव मिलने की जानकारी पर ग्रामीण घटनास्थल पर एकत्रित हो गए। सूचना पाकर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने ग्रामीणों से पूछताछ की तो ग्रामीण रामदास, डूंगरलाल, किशन लाल व गेंदालाल ने मृतक की शिनाख्त चोब सिंह (55) निवासी गांव मानपुर नगरिया के रूप में की।
परिजन को घटना की सूचना दी गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। सूचना मिलने पर आरपीएफ के जवान भी मौके पर पहुंच गए। लोगों ने बताया कि मृतक की पत्नी व बच्चे हरिद्वार में रहते हैं। वह गांव में अपने भतीजे के साथ रहता था। कोतवाली प्रभारी भोजराज अवस्थी ने बताया कि ट्रेन की चपेट में आने से ग्रामीण की मौत हुई है। शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है।