फोटो36गंजडुंडवारा में एक निजी अस्पताल में नवजात की मौत के बाद पुलिस के समक्ष आक्रोश जताते ल
गंजडुंडवारा/कासगंज। सहावर रोड स्थित निजी अस्पताल में शनिवार सुबह नवजात की मौत हो गई। आक्रोशित परिजन ने चिकित्सक व स्टाफ पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा किया। सूचना पर पुलिस और स्वास्थ्य विभाग की टीम मौके पर पहुंच गई। अस्पताल में नियोनेटल इंटेंसिव केयर यूनिट (एनआईसीयू) बिना अनुमति चलते मिला। इसे सील कर दिया गया। अस्पताल संचालक को नोटिस जारी करके तीन दिन में जवाब तलब किया गया।
गांव बहोटा निवासी दीपक कुमार पुत्र वीरपाल ने पत्नी अनामिका को प्रसव पीड़ा होने पर सहावर रोड स्थित मेट्रो हॉस्पिटल में भर्ती कराया। एक जनवरी को प्रसूता ने सिजेरियन (ऑपरेशन) से बेटे को जन्म दिया, जिसे अस्पताल स्टाफ ने एनआईसीयू में भर्ती कर लिया। शनिवार की सुबह करीब छह बजे अचानक नवजात की हालत बिगड़ी और उसकी मौत हो गई।
नवजात की मौत की खबर मिलते ही परिजन आक्रोशित हो गए। उन्होंने उपचार में लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा किया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने परिजन को समझाकर शांत कराया। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. राजीव अग्रवाल ने जिला स्तरीय टीम को भेजकर जांच कराई। जिसमें पाया गया कि अस्पताल में एनआईसीयू की परमिशन नहीं ली गई थी। इस पर सीएचसी गंजडुंडवारा के चिकित्साधिकारी डॉ. आकाश सिंह एवं तहसीलदार पटियाली ने अस्पताल के एनआईसीयू कक्ष को सील कर दिया। मामले में अस्पताल संचालक को नोटिस जारी करके तीन दिन के अंदर प्रसूता व नवजात के उपचार संबंधी प्रपत्र समेत सीएमओ कार्यालय में उपस्थित होने के निर्देश दिए गए।