कासगंज। यूपी बोर्ड की 12 मार्च को आयोजित होने वाली इंटर की संस्कृत की परीक्षा परिषद से उपलब्ध कराए गए रिजर्व सेट से कराई जाएगी। जिला विद्यालय निरीक्षक ने सभी केंद्र व्यवस्थापकों, बाह्य केंद्र व्यवस्थापकों को निर्देश जारी कर दिए हैं।
जिले में 64 केंद्रों पर बोर्ड की परीक्षा चल रही है। परीक्षा में इस बार माध्यमिक शिक्षा परिषद से मुख्य प्रश्न पत्रों के अलावा रिजर्व सेट भी उपलब्ध कराए हैं। परिषद से इंटर संस्कृत की परीक्षा को मूल प्रश्न पत्र से न कराकर रिजर्व सेट से कराने के निर्देश जारी किए गए हैं।
रिजर्व प्रश्नपत्र की अलमारी की एक चाभी क्षेत्र के थाना प्रभारी या नामित उपनिरीक्षक के पास भी रखवाई गई है। परीक्षा के दौरान किसी प्रकार की दिक्कत न हो इसके लिए विभाग ने अभी से तैयारी शुरू कर दी है। केंद्र व्यवस्थापकों व बाह्य केंद्र व्यवस्थापकों को समय से चाभी की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दे दिए हैं। जिला विद्यालय निरीक्षक जगदीश प्रसाद शुक्ला ने बताया कि परिषद से संस्कृत का प्रश्नपत्र रिजर्व सेट से कराने के निर्देश मिले हैं। इसके आधार पर व्यवस्थाएं निर्धारित की जा रही हैं।