फोटो 22 सहावर में एटा रोड पर अनियंत्रित होकर पेड़ में घुसी पिकअप। स्रोत: संवाद
सहावर। एटा रोड स्थित राजा धर्म कांटे के पास सोमवार शाम एक पिकअप अचानक अनियंत्रित होकर सड़क से दुकान की ओर मुड़ गई। इस दौरान दुकान के बाहर खेल रहे तीन वर्षीय मासूम को टक्कर मारते हुए पेड़ से जा टकराई। हादसे में बच्चा बुरी तरह घायल हो गया। वहीं पिकअप का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
कस्बा निवासी प्रमोद की एटा रोड पर राजा धर्म कांटे के पास अनाज की दुकान है। सोमवार की शाम उनका तीन वर्षीय पुत्र आदर्श दुकान के बाहर खेल रहा था। तभी सहावर से अमांपुर के गांव कछेला की ओर शादी का दहेज लेकर जा रही पिकअप अचानक अनियंत्रित होकर उनकी दुकान की तरफ मुड़ गई और बच्चे को टक्कर मारते हुए पेड़ से जा टकराई।
हादसे के बाद परिजन घायल बच्चे को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे, जहां से चिकित्सक ने उसे हालत गंभीर होने पर जिला अस्पताल भेज दिया। हादसे की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहन को कब्जे में ले लिया। घटना के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। सीओ सहावर शाहिदा नसरीन ने बताया कि पिकअप के चालक की तलाश की जा रही है। तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।