फोटो28कासगंज में वाहन चेकिंग करती यातायात पुलिस । स्रोत:पुलिस मीडिया सेल
कासगंज। यातायात पुलिस ने सड़क सुरक्षा नियमों का पालन सुनिश्चित करने के लिए तीन दिवसीय विशेष अभियान शुरू किया। शुक्रवार को पुलिस ने मानकों की अवहेलना करते हुए वाहन दौड़ाने वाले 170 वाहन चालकों के चालान काटे। इन पर 3.38 लाख रुपये का जुर्माना भी लगाया गया।
अभियान के दौरान दो बुलेट में मॉडिफाइड साइलेंसर लगे पाए गए। इन दोनों बुलेट को पुलिस ने सीज कर दिया। पुलिस अधीक्षक ओपी सिंह के निर्देशन में यह विशेष अभियान चलाया गया। यातायात प्रभारी लक्ष्मण सिंह ने मालगोदाम चौराहे, राजकोल्ड तिराहा, नदरई तिराहा और कासगंज-बाईपास पर वाहनों की जांच की। अभियान के दौरान यात्री वाहनों में क्षमता से अधिक सवारी बैठाने पर कार्रवाई हुई। गलत दिशा में वाहन चलाने और बिना हेलमेट या सीट बेल्ट के वाहन चलाने वालों पर भी कार्रवाई की गई।
दोपहिया वाहनों पर तीन सवारी बैठाने और मालवाहक वाहनों में अनधिकृत सवारी ले जाने जैसे उल्लंघन भी पाए गए। स्कूली वाहनों की भी चेकिंग की गई। यातायात पुलिस ने आमजन से नियमों का पालन करने की अपील की है।