कासगंज। श्रावण मास की कांवड़ यात्रा में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए पुलिस-प्रशासन ने कमर कस ली है। यात्रा को सुगम और सुरक्षित बनाने के लिए 30 जुलाई से 28 अगस्त तक पूरे शहर और आसपास के क्षेत्रों में विशेष यातायात व्यवस्था लागू रहेगी।
इस अवधि में कई मुख्य मार्गों पर वाहनों का रूट डायवर्ट रहेगा, वहीं कांवड़ियों के वाहनों के लिए सात प्रमुख स्थानों पर पार्किंग की व्यवस्था की गई है। श्रावण मास में एटा, अलीगढ़, हाथरस और पड़ोसी राज्यों से लाखों श्रद्धालु सोरों के लहरा घाट व कछला गंगा घाट से जल लेने पहुंचते हैं।
भीड़ को नियंत्रित करने के लिए तैयार विस्तृत ट्रैफिक प्लान की जानकारी देते हुए सीओ यातायात रजनीश उपाध्याय ने बताया कि एटा, अलीगढ़ और हाथरस से बदायूं-बरेली जाने वाले वाहनों को वैकल्पिक मार्गों से निकाला जाएगा। साथ ही, कछला और सोरों क्षेत्र के रास्तों पर भी डायवर्जन प्रभावी रहेगा।
भारी वाहनों को शहर की सीमा के बाहर से निकालने के लिए अलग रूट निर्धारित किए गए हैं, ताकि कांवड़ियों को किसी तरह की असुविधा न हो।
श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए सात पार्किंग स्थल चिह्नित किए गए हैं। इनमें लहरा घाट, लहरा गांव, कुष्ठ आश्रम, घोड़ा मेला ग्राउंड, मेला ग्राउंड सोरों, पॉलीटेक्निक कॉलेज और गोला कुआं शामिल हैं।
सीओ यातायात ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे अपने वाहनों को निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही खड़ा करें और व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें।