फोटो23पटियाली में बार एसोसिएशन चुनाव के लिए नामांकन पत्र खरीदते अधिवक्ता। संवाद
पटियाली। बार एसोसिएशन के वार्षिक चुनाव के लिए मंगलवार को नामांकन पत्रों की बिक्री के अंतिम दिन विभिन्न पदों के लिए तीन और पर्चे खरीदे गए। अब सभी की नजरें 14 जनवरी को होने वाली नामांकन पत्रों की जांच और नाम वापसी की प्रक्रिया पर टिकी हैं।चुनाव अधिकारियों ने बताया कि नामांकन प्रक्रिया के आखिरी दिन मंगलवार को उपाध्यक्ष, कोषाध्यक्ष और सह-सचिव पद के लिए एक-एक पर्चा बिका। एडवोकेट मोहम्मद नाजिम ने उपाध्यक्ष पद पर दावेदारी पेश की। एडवोकेट आमोद कुमार ने कोषाध्यक्ष पद का पर्चा खरीदा। एडवोकेट अजब सिंह यादव ने सह-सचिव पद का नामांकन पत्र लिया।चुनाव अधिकारी एडवोकेट रवींद्र नाथ मिश्रा, एडवोकेट मुन्ना लाल राजपूत और एडवोकेट कैलाश चंद्र शाक्य ने संयुक्तरूप से बताया कि चुनावी कार्यक्रम के अनुसार 14 जनवरी को दाखिल पर्चों की जांच की जाएगी और इसी दिन नाम वापसी की प्रक्रिया भी होगी। इसके बाद 17 जनवरी को सुबह 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक मतदान होगा। उसके बाद दोपहर 3 बजे से मतगणना शुरू कर परिणाम घोषित कर दिए जाएंगे। जैसे-जैसे चुनाव की तारीख नजदीक आ रही है, अधिवक्ताओं के बीच अध्यक्ष पद को लेकर हलचल तेज हो गई है। तहसील के गलियारों से लेकर बार रूम तक चुनावी चर्चाओं का बाजार गर्म है। अध्यक्ष पद के प्रत्याशी अपने पक्ष में माहौल बनाने के लिए मतदाता अधिवक्ताओं को लुभाने की पुरजोर कोशिश कर रहे हैं। कचहरी परिसर में हर तरफ भावी रणनीतियों और समीकरणों पर मंथन का दौर जारी है।