कासगंज। संस्कृत बोर्ड परीक्षा में शामिल होने वाले विद्यार्थियों के पास आवेदन के लिए अब केवल तीन दिन शेष हैं। उत्तर प्रदेश माध्यमिक संस्कृत शिक्षा परिषद की ओर से ऑनलाइन पंजीकरण की निर्धारित समय सीमा 15 अक्तूबर को समाप्त हो चुकी है। अब विद्यार्थी 25 रुपये विलंब शुल्क के साथ 21 अक्तूबर तक आवेदन कर सकेंगे।
जिले के आठ संस्कृत माध्यमिक विद्यालयों के विद्यार्थियों को इस अवधि में आवेदन प्रक्रिया पूरी करनी होगी। परिषद की ओर से पूर्व मध्यमा, उत्तर मध्यमा और डिप्लोमा परीक्षाओं के लिए आवेदन मांगे गए हैं। बोर्ड परीक्षाएं फरवरी 2027 के दूसरे सप्ताह से प्रस्तावित हैं।
निर्धारित समय-सारिणी के अनुसार, विलंब शुल्क के साथ आवेदन की अंतिम तिथि 21 अक्तूबर है। इसके बाद 22 से 25 अक्तूबर तक आवेदन पत्रों में त्रुटि सुधार और उनकी प्रतियां डाउनलोड करने के लिए वेबसाइट उपलब्ध रहेगी।
विद्यालयों को विद्यार्थियों के आवेदन भरवाने के साथ ही उनके विवरण और अभिलेखों की जांच भी समय से पूरी करनी होगी ताकि आवेदन पत्रों में किसी तरह की त्रुटि न रह जाए।
वर्जन
परिषद की ओर से जारी समय-सारिणी के अनुसार परीक्षा संबंधी प्रक्रिया पूरी कराई जा रही है। विद्यालयों को निर्धारित समय-सीमा का पालन करते हुए आवेदन, अभिलेखों की जांच और त्रुटि सुधार सहित सभी आवश्यक औपचारिकताएं समय से पूरी करनी होंगी। - रजनेश कुमार, जिला विद्यालय निरीक्षक