कासगंज। जिला ओलंपिक एसोसिएशन के तत्वावधान में तीन दिवसीय जनपद स्तरीय ओलंपिक खेल उत्सव का स्पोर्ट्स स्टेडियम में बृहस्पतिवार को शुभारंभ हो गया। एथलेटिक्स, अमेरिकन फुटबॉल और खो- खो सहित कई अन्य प्रतियोगिताओं में खिलाड़ियों ने हिस्सा लेकर दमखम दिखाया।
ओलंपिक एसोसिएशन की अध्यक्ष डॉ. अंजना वशिष्ठ, सचिव डॉ. प्रवीण सिंह जादौन, संयुक्त सचिव बृजेश यादव तथा कोषाध्यक्ष सुनील पहलवान ने कार्यक्रम का शुभारंभ किया। प्रतियोगिताओं में अंडर 14 से सीनियर वर्ग तक खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा से सभी को प्रभावित किया। खिलाडियों ने स्वर्ण, रजत और कांस्य पदक जीते।
एथलेटिक्स में अंडर-14 से सीनियर वर्ग तक विभिन्न दौड़, कूद और फेंक में खिलाड़ियों ने स्वर्ण, रजत और कांस्य पदक जीते। अंडर 14 बालक वर्ग में 100 मीटर दौड़ में प्रशांत, 200 मीटर में विक्रम और 400 मीटर में रोहित यादव ने स्वर्ण पदक जीते। दिव्यांग वर्ग में मनीषा ने 100 और 400 मीटर दौड़ में स्वर्ण पदक जीते। अंडर 14 बालिका वर्ग 100 मीटर दौड़ में दिया ने, 200 मीटर दौड़ में रिशिका ने स्वर्ण पदक जीता। अमेरिकन फुटबॉल में अंडर 18 बालक वर्ग में मोहनपुरा विजेता और एसबीडी स्कूल उपविजेता रहे। अंडर 18 बालिका वर्ग में एसबीडी स्कूल विजेता रही। सीनियर पुरुष और महिला वर्ग में ईगल रोस्टर और आयरन टाइटंस ने प्रथम स्थान प्राप्त किया।
खो- खो में सीनियर बालिका वर्ग में एसबीडी पब्लिक स्कूल विजेता रही, जूनियर बालिका और बालक वर्ग में भी एसबीडी पब्लिक स्कूल और जेपी एकेडमी ने जीत हासिल की। लंबी कूद में कुनाल ने, ऊंची कूद में विकास ने, भाला फेंक में प्रशांत ने स्वर्ण पदक जीता। दिव्यांग वर्ग में मनीषा ने 100 और 400 मीटर दौड़ में स्वर्ण पदक जीता।
इस दौरान एथलेटिक्स के समन्वयक अनय यादव, जितेंद्र यादव, तकनीकी समिति के सदस्य अभय गुप्ता, प्रक्ष सिंह जादौन, मधुर अग्रवाल , पार्थ गांधी नरेंद्र, मीनू धनगर आदि मौजूद रहे।