कासगंज। वार्ड नंबर 20 स्थित गली बोहरान में जल निगम की लचर कार्यशैली से स्थानीय निवासी इन दिनों भारी परेशानी झेल रहे हैं। पाइपलाइन बिछाने के लिए चार दिन पहले खोदी गई सड़क को बीच में ही अधूरा छोड़ दिया गया है।
इससे जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। रास्ते पर बिखरी गिट्टी, मिट्टी और मलबे के कारण राहगीरों का चलना मुहाल हो गया है। चार दिन पूर्व गली बोहरान में पाइपलाइन डालने और घरों तक कनेक्शन पहुंचाने के लिए खोदाई कराई गई थी।
पाइप डालने के बाद कर्मचारी काम अधूरा छोड़कर चले गए। न तो गड्ढे भरे गए और न ही मलबा हटवाया गया। अंधेरा होने पर गड्ढे दिखाई नहीं देते जिससे हादसों का खतरा बना रहता है। वहीं, दिन में उड़ती धूल से सांस के मरीजों का जीना मुहाल है।
गली बोहरान के निवासी राजीव, वीरेंद्र और आशीष ने बताया कि जल निगम पहले भी इस मार्ग की खोदाई करा चुका है। उस समय काम पूरा होने के बाद सड़क दुरुस्त कर दी गई थी लेकिन इस बार पाइपलाइन डालने के बाद विभाग ने सुध नहीं ली।
-
क्या बोले लोग
चार दिन पहले सड़क खोदकर कर्मचारी चले गए, इसके बाद वापस नहीं आए। हवा के साथ उड़ती मिट्टी से उन्हें सांस लेने में परेशानी होती है। विभाग को ध्यान रखना चाहिए। - रूपकिशोर चांडक, अधिवक्ता
गली बोहरान में काम अधूरा छोड़ने के बाद जल निगम ने मनौटा गली में भी सड़क खोदनी शुरू कर दी है। विभाग को पहले एक स्थान पर काम पूरा कराना चाहिए, इसके बाद दूसरी जगह खोदाई शुरू करनी चाहिए। - कमल
-
वर्जन :
मामला संज्ञान में नहीं है। जल निगम अधिकारियों से बात कर सड़क की जानकारी ली जाएगी और जल्द काम पूरा कराकर मलबा हटवाने के निर्देश दिए जाएंगे। - विवेक त्रिपाठी, अधिशासी अधिकारी
फोटो 04 - कासगंज वार्ड नंबर 20 गली बोहरान में जल निगम द्वारा खोदकर छोड़ी गई सड़क। स्रोत : संवाद
फोटो 04 - कासगंज वार्ड नंबर 20 गली बोहरान में जल निगम द्वारा खोदकर छोड़ी गई सड़क। स्रोत : संवाद
फोटो 04 - कासगंज वार्ड नंबर 20 गली बोहरान में जल निगम द्वारा खोदकर छोड़ी गई सड़क। स्रोत : संवाद