कासगंज। युवती की गला रेतकर हत्या करने और ट्यूबवेल की छत पर फेंकने के मामले में मृतका के भाई ने चौंकाने वाला खुलासा किया है। भाई ने बताया कि मंगलवार देर रात घर से लापता होने के पहले उसकी बहन ने कमरे में साथ सो रही बड़ी बहन को खाने में नशीला पदार्थ देकर बेहोश कर दिया था। बाद में बाहर से कुंडी लगाकर घर में रखे तीन लाख रुपये और जेवर लेकर घर से निकल गई थी। परिजनों ने घर के पास ही रहने वाले एक युवक पर युवती को बहला-फुसलाकर ले जाने और हत्या करने की आशंका जताई है।
मृत युवती मां, दो भाइयों और एक बहन के साथ रह रही थी। दोनों भाई सब्जी बेचने का काम करते हैं जबकि दो विवाहित बड़े भाई दिल्ली में रहकर काम करते हैं। पोस्टमार्टम हाउस पर मौजूद एक भाई ने बताया कि उसकी बड़ी बहन की शादी का रिश्ता तय होने वाला था। उसके रोका की रस्म के लिए घर में तीन लाख रुपये की नकदी और सोने-चांदी के जेवर बनवाकर रखे गए थे। भाई के मुताबिक, बुधवार तड़के 3 बजे जब वह रोज की तरह सब्जी मंडी जाने के लिए उठा तो उसकी नजर कमरे में बाहर से लगी कुंडी पर पड़ी। उसने कुंडी खोलकर अंदर देखा तो एक बहन अचेत पड़ी थी और एक बहन गायब थी।