फोटो28कासगंज कलेक्ट्रेट पर एडीएम को ज्ञापन सौंपते सपा जिलाध्यक्ष विक्रम यादव,विधायक नादिरा सु
कासगंज। जिले में समाजवादी पार्टी (सपा) ने आरोप लगाया है कि उनके वोट काटने के प्रयास चल रहे हैं। सपा बाहुल्य क्षेत्रों में फर्जी फार्म-7 भरवाकर बड़े पैमाने पर वोट काटे जा रहे हैं। इस संबंध में सपा ने अपर जिला अधिकारी दिग्विजय सिंह को ज्ञापन सौंपकर मामले की जांच और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
सपा जिला अध्यक्ष विक्रम यादव ने कहा कि तीनों विधानसभा क्षेत्रों में थोक में फार्म-7 में प्रिंटेड नाम डालकर गांव के ही शिकायतकर्ता के फर्जी फर्जी हस्ताक्षर किए जा रहे हैं। इसके अलावा फर्जी मोबाइल नंबर दर्ज किए जा रहे हैं ताकि बीएलओ की जांच के समय संबंधित व्यक्ति तक पहुंचना मुश्किल हो। उन्होंने बताया कि यह खेल विशेष रूप से मुस्लिम, यादव और सपा बाहुल्य गांवों में चल रहा है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि शहर के मुस्लिम बहुल इलाकों से नए वोटर आवेदन स्वीकार नहीं किए जा रहे हैं।
इसके साथ ही उन्होंने कहा कि एसआईआर में त्रुटि के नाम पर लगभग डेढ़ लाख मतदाताओं को नोटिस जारी करने की तैयारी की जा रही है। लोकतांत्रिक प्रक्रिया की रक्षा के लिए ऐसे मामलों की जांच और समय रहते निष्पक्ष कार्रवाई आवश्यक है। ज्ञापन सौंपते समय विधायक नादिरा सुल्तान, पूर्व विधायक हसरत उल्ला शेरवानी, प्रवेंद राना, चाहत मियां, देव प्रकाश देवू, राजकुमार यादव, विनोद बघेल, प्रांजल यादव और मनोज यादव सहित कई सपा नेता मौजूद रहे। संवाद