फोटो33नगला सहजन में सड़क पर भरा पानी। संवाद
पटियाली। विकास खंड के गांव नगला सहजन का मुख्य मार्ग लोक निर्माण विभाग की उदासीनता के कारण पूरी तरह से जीर्ण-शीर्ण हो गया है। पानी की सही निकासी न होने से रास्ते पर गंदा पानी जमा है वहीं इंटरलॉक सड़क पूरी तरह टूटकर गड्ढों में बदल गई है। इससे ग्रामीणों और राहगीरों को आवागमन में काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
नगला सहजन का यह मार्ग पटियाली से जिला एटा के कस्बा जैथरा को जोड़ता है। इस मार्ग पर घरों से निकलने वाले गंदे पानी की निकासी की कोई व्यवस्था नहीं है। जलभराव के कारण मार्ग की इंटरलॉक सड़क कई जगह बैठ गई है और गड्ढे बन गए हैं। मार्ग पर कीचड़ और जलभराव के कारण लोगों को आवागमन में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। अक्सर दोपहिया वाहन गड्ढों में फंसकर दुर्घटना का शिकार हो जाते हैं। ग्रामीणों का कहना है कि उन्होंने कई बार लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को लिखित शिकायतें कीं, लेकिन विभाग उनकी समस्याओं की ओर ध्यान नहीं दे रहा। ग्रामीणों और राहगीरों ने जिला प्रशासन से मार्ग के जीर्णोद्धार की मांग की है। मांग करने वालों में मोहन सिंह चौहान, अमर पाल सिंह, पूर्व प्रधान मनवीर सिंह, मिट्ठन सिंह हैं।