फोटो 12- संत तुलसीदास म्यूनिसिपल इंटर कालेज का राजमार्ग स्थित द्वार जिसके आधे घंटे तक बंद रहने
सोरोंजी। संत तुलसीदास म्युनिसिपल इंटर कॉलेज प्रशासन की लापरवाही के कारण छात्र-छात्राओं की सुरक्षा खतरे में पड़ गई है। जिला विद्यालय निरीक्षक द्वारा सख्त निर्देश दिए जाने के बावजूद विद्यार्थियों का आवागमन अत्यधिक व्यस्त हाईवे वाले गेट से लगातार जारी है।
राजमार्ग पर तेज रफ्तार ट्रैफिक का अत्यधिक दबाव रहता है जिससे विद्यार्थियों को सड़क पार कर कॉलेज पहुंचने में भारी कठिनाई होती है। शिकायतकर्ता गोविंद तिवारी द्वारा आईजीआरएस पर शिकायत किए जाने के बाद डीआईओएस ने 27 जुलाई को कार्यवाहक प्रधानाचार्य को पत्र जारी कर तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए थे।
इसके बावजूद कॉलेज प्रशासन ने सुरक्षा उपायों पर ध्यान नहीं दिया। बुधवार को कक्षाएं शुरू होने के बाद मुख्य गेट बंद कर दिए जाने से देरी से पहुंचे दर्जनों छात्र-छात्राएं आधे घंटे तक हाईवे के किनारे खड़े होकर गेट खुलने का इंतजार करते रहे जोकि उनकी सुरक्षा पर सवालिया निशान खड़े करता है।
-
सुरक्षित विकल्प की अनदेखी
कस्बे के अंदर बस स्टैंड के सामने कॉलेज का दूसरा सुरक्षित गेट मौजूद है, जिसका पूर्व में नियमित उपयोग होता था। आरोप है कि कॉलेज प्रशासन ने अपनी मनमानी के चलते उस सुरक्षित गेट को बंद कर इस खतरनाक राजमार्ग वाले गेट को खोल दिया है जो विद्यार्थियों की जान से सीधा खिलवाड़ है।
-
वर्जन-
कॉलेज के प्रधानाचार्य को आज कॉलेज के कस्बे के अंदर के पुराने बंद पड़े गेट को खोलकर वहीं से विद्यार्थियों का आवागमन सुनिश्चित करने के निर्देश दे दिए गए हैं- रजनेश कुमार, डीआईओएस