कासगंज। जिले के रेल यात्रियों को लंबी दूरी की यात्रा के लिए एक और विकल्प मिलने की उम्मीद है। रेलवे बोर्ड ने भुज और बरौनी के बीच अमृत भारत एक्सप्रेस के संचालन को मंजूरी दे दी है। यह ट्रेन कासगंज सहित कई प्रमुख स्टेशनों से होकर गुजरेगी। इसके संचालन से यात्रियों को विभिन्न शहरों के बीच आवागमन में सुविधा मिलेगी।
रेलवे बोर्ड के निदेशक संजय आर नीलम की ओर से जारी 23 अक्तूबर को पत्र जारी किया गया। ट्रेन संख्या 19427 भुज-बरौनी अमृत भारत एक्सप्रेस भुज से शाम 5:30 बजे रवाना होकर अगले दिन सुबह 4:05 बजे बरौनी पहुंचेगी। वापसी में ट्रेन संख्या 19428 बरौनी-भुज अमृत भारत एक्सप्रेस बरौनी से रात 11:55 बजे रवाना होकर अगले दिन दोपहर 1:15 बजे भुज पहुंचेगी।
ट्रेन सप्ताह में तीन दिन संचालित होगी। भुज से यह शनिवार, सोमवार और बुधवार को चलेगी जबकि बरौनी से मंगलवार, बृहस्पतिवार और शनिवार को रवाना होगी। इस ट्रेन का ठहराव कासगंज के अलावा मथुरा, भरतपुर, गोरखपुर, छपरा और हाजीपुर समेत कई प्रमुख स्टेशनों पर प्रस्तावित है।