फोटो39सहावर में लकड़ी से भरे ट्रैक्टर -ट्रॉली के खिलाफ कार्रवाई करते तहसीलदार संदीप चौधरी।सं
सहावर। गांव भिलौली में बंबा के पास अवैध कटान की सूचना पर तहसीलदार संदीप चौधरी ने आम, शहतूत व शीशम की लकड़ी से भरी एक ट्रैक्टर-ट्रॉली को जब्त कर लिया। तहसीलदार ने ट्रैक्टर-ट्रॉली को चालक सहित वन विभाग के सुपुर्द कर दिया। मामले की जांच वन विभाग कर रही है।
तहसीलदार संदीप चौधरी को बृहस्पतिवार को भिलौली के पास बेशकीमती पेड़ों के अवैध कटान की सूचना मिली। इसे गंभीरता से लेते हुए तहसीलदार राजस्व टीम के साथ मौके पर पहुंच गए। इस दौरान एक ट्रैक्टर-ट्रॉली लकड़ी से भरी हुई जाती दिखाई दी। तहसीलदार ने उसे रुकवाकर जांच कराई तो उस पर आम, शीशम और शहतूत की लकड़ी के बड़े-बड़े बोरे लदे मिले। तहसीलदार ने ठेकेदार से परमिट दिखाने को कहा तो उसके पास कोई अनुमति नहीं मिली। मौके पर कटान से संबंधित कोई वैध दस्तावेज उपलब्ध नहीं कराए जा सके। कटान संदिग्ध पाए जाने पर तहसीलदार ने लकड़ी समेत ट्रैक्टर-ट्रॉली को कब्जे में लेकर वन विभाग को सौंप दिया। तहसीलदार ने बताया कि पूरे मामले की रिपोर्ट जिला मुख्यालय को भेजी जा रही है।