कासगंज। केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) की हाईस्कूल (कक्षा 10) और इंटरमीडिएट (कक्षा 12) की बोर्ड परीक्षाएं मंगलवार से प्रारंभ होंगी। परीक्षा के निष्पक्ष, शांतिपूर्ण और पारदर्शी संचालन के लिए प्रशासन ने सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली हैं। इस वर्ष जिले में कुल तीन परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं।
इस सत्र में कक्षा 10 के 1118 और कक्षा 12 के 880 परीक्षार्थी बोर्ड परीक्षा में सम्मिलित होंगे। केंद्रवार विवरण के अनुसार, जेपी पब्लिक एकेडमी में कक्षा 10 के 262 तथा कक्षा 12 के 197 छात्र परीक्षा देंगे। एनआर पब्लिक स्कूल में कक्षा 10 के 289 और कक्षा 12 के 271 परीक्षार्थी पंजीकृत हैं। वहीं, सेठ एमआर जयपुरिया स्कूल में कक्षा 10 के 567 और कक्षा 12 के 412 छात्र-छात्राएं परीक्षा में शामिल होंगे। परीक्षा के आयोजन के लिए तीनों केंद्रों पर तैयारियों को पूरा कर लिया गया। सीटिंग प्लान भी बना लिया गया ताकि परीक्षार्थी सुविधाजनक तरीके से परीक्षा में शामिल हो कसें।
सिटी को-आर्डीनेटर शिव कुमार गौतम ने बताया कि परीक्षा को सुचारू रूप से संपन्न कराने के लिए कक्ष व्यवस्थाएं, सीसीटीवी निगरानी, प्रश्नपत्रों की सुरक्षा और अन्य प्रशासनिक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा और अनुशासन बनाए रखने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। उत्तर पुस्तिकाओं के संकलन की भी व्यवस्थाएं पूरी हो गई है।