कासगंज। मनिहार चौक पर सोमवार सुबह एक शिक्षिका के साथ मनचले ने छेड़छाड़ की। आरोपी ने स्कूल जाते समय रास्ता रोककर उससे अश्लील हरकतें कीं। विरोध करने पर उसे जान से मारने की धमकी दी। पीड़िता की तहरीर पर सदर कोतवाली पुलिस ने आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है।
सदर कोतवाली क्षेत्र के एक गांव में रहने वाली युवती ने बताया कि वह शहर के एक सरकारी स्कूल में शिक्षिका हैं। सोमवार सुबह जब घर से विद्यालय पढ़ाने जा रही थीं, तभी रास्ते में मनिहार चौक पर गांव के ही आरोपी नीरज कुमार ने उनका रास्ता रोक लिया। आरोप है कि उनके साथ अश्लील हरकतें कीं और शोर मचाने पर जान से मारने की धमकी दी। पीड़िता का आरोप है कि युवक पहले भी कई बार उन्हें रास्ता रोककर परेशान कर चुका है। पूर्व में हुई घटना के बाद आरोपी ने माफी मांग ली थी। इसके बाद गांव के गणमान्य लोगों ने दोनों पक्षों के बीच समझौता करा दिया था, लेकिन आरोपी की हरकतों में कोई सुधार नहीं आया। उसने फिर से छेड़छाड़ की। सीओ सदर आंचल चौहान ने बताया कि पुलिस ने शिक्षिका की तहरीर पर आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है। आरोपी की तलाश की जा रही है।