फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Kasganj News: हाईस्कूल की परीक्षा देकर लौटे छात्र की मौत

Fri, 27 Feb 2026 11:35 PM IST
आगरा ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, कासगंज
विज्ञापन
फोटो49मृतक छात्र कपिल का फाइल फोटो
विज्ञापन
सोरोंजी। यूपी बोर्ड हाईस्कूल की परीक्षा देकर लौटे एक छात्र की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। परीक्षा के दौरान केंद्र पर उसकी तबीयत अचानक बिगड़ गई थी। सीएचसी से पहुंचकर डॉक्टर ने उसका स्कूल में ही इलाज किया था। उपचार के बाद छात्र ने पेपर भी दिया। इसके बाद घर लौटने पर उसकी तबीयत दोबारा बिगड़ गई। जिला अस्पताल ले जाने पर डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। सोरोंजी के मोहल्ला कटरा राम सिंह पुरा निवासी कपिल (16) पुत्र सुभाष उर्मिला देवी इंटर कॉलेज में हाईस्कूल का छात्र था। वह शुक्रवार को श्री बलदेव बिहारी उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में गणित का पेपर देने गया था। पेपर देते समय अचानक उसकी तबीयत बिगड़ गई। इस पर स्कूल स्टाफ ने तुरंत सीएचसी से डॉक्टर को बुलाकर छात्र का इलाज कराया। डॉक्टर के उपचार के बाद छात्र ने पेपर पूरा किया। पेपर होने के बाद छात्र घर वापस चला गया। इस दौरान उसकी तबीयत फिर से बिगड़ गई। परिजन उसे इलाज के लिए जिला अस्पताल ले जा रहे थे, लेकिन उसने रास्ते में ही दम तोड़ दिया। जिला अस्पताल में डॉक्टर ने छात्र को मृत घोषित कर दिया। उसके निधन की खबर मिलते ही परिवारीजन रोने-बिलखने लगे। उसकी मां रामा देवी बार-बार बेटे के शव से लिपटकर रोती रही, जबकि कैंसर पीड़ित पिता का भी बुरा हाल था। मृतक छात्र के पिता सुभाष ने बताया कि छात्र का शुक्रवार को एकादशी का व्रत था। परिवार ने शव का पोस्टमार्टम नहीं कराया। सोरोंजी सीएचसी के प्रभारी चिकित्सक मुकेश यादव ने बताया कि परीक्षा के दौरान छात्र की तबीयत खराब होने पर सीएचसी से डॉक्टर को भेजा गया था। छात्र की सांस फूल रही थी। मुंह से झाग सा आ रहा था। चेस्ट में खिंचाव की दिक्कत थी। पुरानी टीबी होने की आशंका लग रही थी। डॉक्टर ने छात्र को अस्पताल में भर्ती कराने की सलाह दी, लेकिन मौके पर मौजूद परिजन ने बताया कि छात्र पिछली साल परीक्षा में फेल हो गया था। डॉक्टर स्कूल में ही ट्रीटमेंट दे दें ताकि छात्र पेपर दे सके और उसका साल खराब होने से बच जाएगा। डॉक्टर के उपचार देने पर छात्र पेपर देकर घर लौट गया। घर पर उसकी दोबारा तबीयत खराब हो गई। जब तक अस्पताल ले गए। तब तक उसने दम तोड़ दिया। उन्होंने बताया कि अगर पोस्टमार्टम कराया जाता तो मौत की असल वजह पता चल जाती।
विज्ञापन

पेपर के दौरान छात्रा की बिगड़ी तबीयत, डॉक्टर ने दिया उपचार: सिढ़पुरा।
यूपी बोर्ड परीक्षा के दौरान प्रथम पाली में गणित का पेपर देते समय एक हाईस्कूल छात्रा की अचानक तबीयत बिगड़ गई। इससे परीक्षा केंद्र पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सूचना पर पहुंची स्वास्थ्य टीम ने छात्रा को उपचार दिया। इससे उसकी स्थिति सामान्य हो गई। अनोखेलाल इंटर कॉलेज में शुक्रवार को प्रथम पाली के दौरान गणित का पेपर चल रहा था। परीक्षा के बीच भीकपुर निवासी कुमारी कुमकुम की तबीयत अचानक खराब हो गई। केंद्र पर मौजूद उपजिलाधिकारी पटियाली प्रदीप कुमार विमल ने तत्काल स्वास्थ्य विभाग को इसकी सूचना दी। सूचना मिलते ही डॉ. प्रदीप गौतम, चीफ फार्मासिस्ट रमेश यादव एवं स्वास्थ्य पर्यवेक्षक विशाल सक्सेना मौके पर पहुंच गए। छात्रा को प्राथमिक उपचार दिया गया। उपचार के बाद छात्रा की हालत सामान्य हो गई। डॉक्टर प्रदीप गौतम ने परीक्षार्थियों से अपील की है कि वे परीक्षा से पूर्व हल्का भोजन अवश्य करें और घबराहट या अस्वस्थता महसूस होने पर तुरंत कक्ष निरीक्षक को अवगत कराएं।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें