शिक्षक विष्णु चंद्र त्रिवेदी बीएवी इंटर कॉलेज में बच्चों को गणित और विज्ञान पढ़ाते हैं। दसवीं कक्षा में पढ़ने वाला एक छात्र बुधवार को गृहकार्य नहीं करके आया था। इस पर विष्णु चंद्र ने उसे फटकार लगाई और डांटा। छात्र इसी बात से नाराज हो गया और शिक्षक पर हमला कर दिया। घटना के बाद विद्यालय प्रबंधन ने तुरंत उसके माता-पिता को विद्यालय बुलाया और पूरे मामले की जानकारी दी। सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। घायल शिक्षक का चिकित्सीय परीक्षण कराया गया।
प्रधानाचार्य आलोक दुबे ने बताया कि अनुशासनहीनता के इस गंभीर मामले में विद्यालय ने त्वरित कार्रवाई कर विद्यार्थी को स्कूल से निष्कासित कर दिया है। छात्र के भविष्य को ध्यान में रखते हुए शिक्षक ने प्राथमिकी दर्ज कराने से इनकार कर दिया है। घटना को लेकर माध्यमिक शिक्षक संघ के जिला अध्यक्ष प्रेम प्रकाश कुशवाह और जिला मंत्री हरी सिंह मौर्य ने गहरा आक्रोश व्यक्त किया है।
शिक्षक का कार्य बच्चों का भविष्य बनाना है। बच्चे के भविष्य को देखते हुए कोई कानूनी कार्रवाई नहीं की है। -विष्णु चंद्र त्रिवेदी, पीड़ित शिक्षक