कासगंज। जनगणना-2027 को डिजिटल और अधिक पारदर्शी बनाने की दिशा में कासगंज में स्वगणना अभियान की शुरुआत कर दी गई है। कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित जागरूकता कार्यक्रम के दौरान जिलाधिकारी प्रणय सिंह ने स्वयं अपनी जानकारी ऑनलाइन दर्ज कर अभियान का शुभारंभ किया। उन्होंने आम नागरिकों से भी इस डिजिटल प्रक्रिया से जुड़कर जनगणना में सक्रिय भागीदारी करने की अपील की।
जिलाधिकारी ने बताया कि जनगणना-2027 के प्रथम चरण के तहत मकान सूचीकरण और मकानों की गणना की प्रक्रिया 7 मई 2026 से पूरे प्रदेश में शुरू की गई है। इस बार नागरिकों को स्वयं अपने घर और परिवार से संबंधित जानकारी डिजिटल माध्यम से दर्ज करने का अवसर दिया जा रहा है, जिससे प्रक्रिया तेज और अधिक सटीक हो सके।
उन्होंने कहा कि जनगणना केवल आंकड़ों का संग्रह नहीं, बल्कि विकास योजनाओं की आधारशिला है। इन्हीं आंकड़ों के आधार पर आने वाले वर्षों में शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और आधारभूत सुविधाओं की योजनाएं तैयार की जाती हैं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में आम नागरिकों को डिजिटल जनगणना से जोड़ने के लिए सक्रिय भूमिका निभाएं। जिलाधिकारी ने सेल्फी प्वाइंट पर फोटो खिंचवाकर इस डिजिटल अभियान को जनसंपर्क से जोड़ने का संदेश दिया। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी वीरेंद्र सिंह, अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) दिग्विजय प्रताप सिंह, जिला जनगणना प्रभारी एसएन यादव आदि मौजूद रहे।