फोटो49सोरोंजी में कांवड़ मेला मार्ग का निरीक्षण करते एसपी ओपी सिंह साथ में एएसपी व सीओ। स्र
कासगंज। आगामी सावन माह में कांवड़ यात्रा के लिए प्रशासन ने तैयारी शुरू कर दी। यात्रा के दौरान सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था बनाने के लिए पुलिस अधीक्षक ओपी सिंह ने विभिन्न मार्गों और संवेदनशील इलाकों का स्थलीय निरीक्षण किया।
उन्होंने कांवड़ यात्रियों के गुजरने वाले मुख्य मार्गों जैसे एटा रोड, हाथरस रोड और बदायूं रोड की स्थिति का जायजा लिया। इस दौरान मथुरा-बरेली राजमार्ग के फोरलेन निर्माण कार्य को देखते हुए उन्होंने राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एमएचएआई) के अधिकारियों को निर्देश दिए कि अन्य राज्यों और जिलों से आने वाले शिवभक्तों को किसी भी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए।
पुलिस अधीक्षक ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम सुनिश्चित करने के लिए संवेदनशील चौराहों और घाटों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात करने तथा ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को उपद्रवी तत्वों पर पैनी नजर रखने की हिदायत दी। इसके साथ ही उन्होंने आम जनता और कांवड़ियों की सहूलियत के लिए रूट डायवर्जन प्लान की समीक्षा की। मार्गों पर प्रकाश, पेयजल व चिकित्सा शिविरों के लिए संबंधित विभागों से बेहतर समन्वय बनाने को कहा। इस निरीक्षण के दौरान अपर पुलिस अधीक्षक सुशील कुमार, सीओ सदर आंचल चौहान, प्रभारी यातायात लक्ष्मण सिंह सहित अन्य पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।