फोटो29ढोलना कोतवाली का निरीक्षण करते एसपी ओम प्रकाश सिंह। स्रोत:पुलिस मीडिया सेल
ढोलना। पुलिस अधीक्षक ओपी सिंह ने शनिवार को थाना ढोलना का आकस्मिक निरीक्षण किया। उन्होंने थाना कार्यालय के विभिन्न अभिलेखों का बारीकी से परीक्षण किया। पुलिस अधीक्षक ने सभी दस्तावेज को समय पर अपडेट और व्यवस्थित रखने के सख्त निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान, पुलिस अधीक्षक ने मालखाना, अपराध, आगंतुक और आईजीआरएस रजिस्टर प्रमुख रूप से देखे। उन्होंने न्यायिक और प्रशासनिक कार्यों में कोई बाधा न आने पर जोर दिया।
थाना परिसर में साफ-सफाई, पेयजल, शौचालयों की स्थिति का जायजा लिया गया। पुलिस बैरक और भोजनालय की व्यवस्थाओं को भी परखा गया। परिसर में मिली कमियों को तत्काल दूर करने के निर्देश दिए गए।
माल निस्तारण की प्रगति की समीक्षा कर लंबित माल के शीघ्र निस्तारण के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया। इस दौरान सीओ सदर आंचल चौहान और थाना प्रभारी जगदीश चंद्र समेत अन्य पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।
सुरक्षा और जनसुनवाई पर जोर
सुरक्षा के दृष्टिकोण से सीसीटीवी कैमरों और बंदीगृह की सुरक्षा व्यवस्था जांची गई। सुरक्षा मानकों को और अधिक सुदृढ़ बनाने पर विशेष जोर दिया गया। रात्रि ड्यूटी और गस्त की समीक्षा करते हुए पुलिस अधीक्षक ने पुलिस कार्रवाई को सक्रिय बनाने को कहा।
हॉटस्पॉट क्षेत्रों, मुख्य बाजारों, बैंकों और एटीएम पर निरंतर निगरानी के आदेश दिए गए। उन्होंने जनसुनवाई को प्राथमिकता देने और फरियादियों से शालीन व्यवहार सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।