सोरोंजी। विकास खंड के अंतिम गांव भरतपुर में आज भी विकास की किरण नहीं पहुंची है। यह गांव ग्राम पंचायत गुड़गुड़ी के अंतर्गत आता है। यहां तक पहुंचने के लिए पटना और गंगागढ़ होकर जाना पड़ता है।
गंगागढ़ से करीब डेढ़ किलोमीटर की दूरी पर स्थित भरतपुर तक जाने वाली सड़क पूरी तरह कच्ची और जर्जर है। इसी मार्ग पर अति प्राचीन तोतादेव आश्रम भी है। इसका संचालन संत गोपालदास की ओर से किया जाता है।
सड़क की खराब स्थिति के अलावा गांव में मूलभूत सुविधाओं का भी अभाव है। यहां प्रकाश व्यवस्था के लिए सोलर लाइटें नहीं लगाई गई हैं। सार्वजनिक शौचालय का निर्माण भी नहीं कराया गया है। पेयजल की व्यवस्था के लिए हैंडपंप भी नहीं लगाए गए हैं।
मूलभूत सुविधाओं की कमी से परेशान ग्रामीणों ने मंगलवार को प्रदर्शन किया। उन्होंने जिला प्रशासन से सड़क निर्माण सहित अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग की। प्रदर्शन करने वालों में ब्राह्मण कल्याण सभा के उपाध्यक्ष सोमदत्त पाठक, गोपालदास बाबा, वेंद्र सिंह, राकेश पाठक, सनोज ठाकुर, प्यारे ठाकुर, टुंडे भाई और जगदीश ठाकुर सहित कई ग्रामीण शामिल रहे।
लोगों की बात
आजादी के बाद से अब तक गांव में सड़क का निर्माण नहीं हुआ है। पटना से भरतपुर तक पूरा मार्ग कच्चा और क्षतिग्रस्त है। - सोमदत्त पाठक
गांव में सड़क, स्वच्छता, प्रकाश और पेयजल जैसी बुनियादी सुविधाओं के अभाव में लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।- गोपालदास बाबा
वर्जन
गांव में विकास कार्य के लिए धन का अभाव है। धन का प्रावधान होते ही सड़क का निर्माण करा दिया जाएगा। -नीलम, प्रधान ग्राम पंचायत गुड़गुड़ी