कासगंज। सदर कोतवाली क्षेत्र के गांव नरौली में बृहस्पतिवार की देर शाम सड़क पार कर रही छह वर्षीय बालिका की ट्रैक्टर से कुचलकर मौत हो गई। हादसे के बाद चालक ट्रैक्टर छोड़कर मौके से फरार हो गया। घटना की जानकारी मिलने पर ग्रामीण मौके पर एकत्र हो गए। बालिका की मौत से परिवार में चीख-पुकार मच गई।
गांव नरौली निवासी नेकसे की बेटी विपाशा (6) बृहस्पतिवार शाम 8 बजे बजे सड़क पार कर रही थी। इसी दौरान वह ट्रैक्टर की चपेट में आ गई। ट्रैक्टर के पहिये से कुचलने के कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई। बताया गया कि ट्रैक्टर चालक खेत से बाजरा निकालने के बाद गांव लौट रहा था।
हादसे के बाद चालक ट्रैक्टर छोड़कर भाग गया। हादसे की जानकारी मिलने पर परिजन उसकी और दौड़ पड़े।
इस दौरान मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। किसी ने हादसे की जानकारी पुलिस को फोन पर दी। सूचना मिलने पर सदर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिसकर्मियों ने घटना के संबंध में परिजन और ग्रामीणों से जानकारी ली। बालिका की मौत से परिजन का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। संवाद