कासगंज। मतदाता सूची विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण अभियान (एसआईआर) के तहत शासन ने अब एक सप्ताह का समय बढ़ा दिया है। अब 11 दिसंबर तक फार्म जमा हो सकेंगे। इससे बीएलओ एवं मतदाता दोनों को राहत मिलेगी। अब तक 67 प्रतिशत आवेदन की फीडिंग का कार्य पूरा हो चुका है।
मतदाता सूची पुनरीक्षण का यह अभियान 4 नवंबर से चल रहा है। अभी तक 4 दिसंबर तक का समय आवेदन जमा करने के लिए निर्धारित था। समय कम और काम अधिक रहने से बीएलओ परेशान थे। वहीं मतदाताओं को भी आवेदन में मांगी गई जानकारी को जुटाने में भी काफी समस्या आ रही थी। जिले के 10.59 लाख मतदाताओं में से अब तक 67 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है। 33 प्रतिशत काम होना अभी भी शेष हैं। अभियान में एक सप्ताह का समय बढ़ा दिया गया है। ताकि काम समय से पूरा हो सके। इसी के साथ नया कार्यक्रम भी जारी हो गया है।
11 दिसंबर तक बीएलओ घर-घर जाकर फार्म वितरित और जमा करेंगे।
16 दिसंबर को अनंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन किया जाएगा।
16 दिसंबर से 5 जनवरी 2026 तक दावे आपत्तियां मांगी जाएंगी।
7 फरवरी तक सभी दावों और आपत्तियों का निस्तारण होगा।
14 फरवरी को अंतिम सूची का प्रकाशन होगा।
मतदाता सूची पुनरीक्षण अभियान में 67 प्रतिशत काम पूरा हो चुका है। एक सप्ताह का समय बढ़ाया गया है।
- मनोज गुप्ता, सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी