फोटो22सहावर के गांव कल्याणपुर बूथ पर घटना के बाद मौजूद बीएलओ व अन्य । संवाद
सहावर। गांव कल्याणपुर में बुधवार को प्राथमिक विद्यालय में तैनात बीएलओ के साथ युवक ने हाथापाई की। एसआईआर से जुड़े कागज फाड़ दिए। युवक पत्नी का फार्म भरवाने आया था। बीएलओ ने पत्नी के मायके पक्ष के दस्तावेज मांगे तो उनमें विवाद हो गया। बीएलओ ने आरोपियों के खिलाफ थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई है। गांव फरौली निवासी बीएलओ विजेंद्र (42) पुत्र महेंद्र सिंह ने थाने में तहरीर देकर पुलिस को बताया कि वह बुधवार को दोपहर के समय प्राथमिक विद्यालय कल्याणपुर में एसआईआर का कार्य कर रहा था। इस दौरान कल्याणपुर निवासी अनुज (35) वहां पहुंचा और अपनी पत्नी दिव्या का फॉर्म भरने की बात कही। बीएलओ ने नियमानुसार उसकी पत्नी के माता-पिता से संबंधित दस्तावेज व अन्य आवश्यक विवरण मांगे तो युवक ने दस्तावेज देने से मना कर दिया। इसी बात को लेकर बीएलओ और युवक के बीच कहासुनी हो गई। बीएलओ का आरोप है कि युवक ने गुस्से में बूथ पर रखे एसआईआर के कागज और सूची फाड़ कर फेंक दिए। उनके विरोध करने पर युवक गाली-गलौज करते हुए हाथापाई पर उतर आया। मौके पर मौजूद लोगों ने बीच-बचाव कर मामला शांत कराया।जानकारी मिलने पर थाना प्रभारी मौके पर पहुंचे, तब तक आरोपी वहां से भाग निकला। सीओ सहावर शाहिदा नसरीन ने बताया कि बीएलओ की तहरीर पर सहावर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है।