कासगंज। सहावर में शनिवार की सुबह ईदगाह से ईद की नमाज पढ़कर लौट रहे लोग रेलवे ट्रैक पार करने लगे। इस दौरान कविगुरू एक्सप्रेस धड़धड़ाती हुई आ गई। ट्रेन के चालक ने ट्रैक पर लोगों की भीड़ देखी तो आनन-फानन में इमरजेंसी ब्रेक लगाकर ट्रेन को रोक दिया। लोको पायलट की सूझबूझ से हादसा बच गया। ईद पर्व पर शनिवार की सुबह सहावर कस्बा से लोग ईदगाह में नमाज पढ़ने के लिए गए थे। पुराने और नए ईदगाह से नमाज पढ़ने के बाद कुछ लोग रेलवे ट्रैक पार कर रहे थे। इसी दौरान सुबह करीब 8:45 बजे कामाख्या से चलकर उदयपुर सिटी जाने वाली कविगुरू एक्सप्रेस सहावर से बढारी स्टेशन के बीच से गुजर रही थी। इसी दौरान लोको पायलट प्रेमसिंह मीना और सहायक लोको पायलट हंसराज ने ट्रैक पर मौजूद लोगों की भीड़ को देखकर इमरजेंसी ब्रेक लगा दिए। ट्रेन के नजदीक आने पर लोगों में अफरा-तफरी मच गई। इस दौरान यह ट्रेन करीब तीन मिनट मौके पर खड़ी रही। लोगों के वहां से हटने के बाद ट्रेन को धीमी गति से रवाना किया। लोगों के बीच चर्चा रही कि ट्रेन के चालक और परिचालक की सूझबूझ से बड़ा हादसा बच गया। सहावर सीओ शाहिदा नसरीन ने बताया कि ईद नमाज पढ़ने के बाद लोग रेलवे ट्रैक से होकर निकल रहे थे। ट्रैक पर भीड़ को देखकर चालक ने इमरजेंसी ब्रेक लगा दिए।