कासगंज। राइट टू एजुकेशन (आरटीई) के दूसरे चरण की प्रक्रिया सोमवार को पूरी हो गई। प्रवेश के लिए ऑनलाइन लॉटरी निकाली गई, जिसमें 325 बच्चों का चयन हुआ है। अंतिम तीसरे चरण के लिए 3515 सीटें रिक्त रह गई हैं।
मुख्य विकास अधिकारी वीरेंद्र सिंह ने बच्चों की ऑनलाइन लॉटरी निकाली और सभी चयनित बच्चों के नाम घोषित किए। इस चरण के लिए कुल 927 बच्चों ने आवेदन किया, जिनमें से 435 आवेदन पात्र पाए गए। जबकि 492 आवेदन अस्वीकृत कर दिए गए। 110 बच्चों का नाम लॉटरी में नहीं निकला। जिले के 628 निजी विद्यालयों में आरटीई के तहत बच्चों का प्रवेश होना है। इन विद्यालयों में कुल 4135 सीटें आरटीई के लिए आरक्षित हैं। पहले चरण में 295 बच्चों का चयन होने के बाद 3840 सीटें रिक्त रह गई थीं। अब दूसरे चरण में 325 बच्चों का चयन हो चुका है, जिससे तीसरे और अंतिम चरण के लिए 3515 सीटें रिक्त रह गई हैं। तीसरे चरण की प्रक्रिया 12 से 25 मार्च तक चलेगी। बेसिक शिक्षा अधिकारी सूर्य प्रताप सिंह ने कहा कि जिन बच्चों के नाम चयन हो गए हैं, उनके अभिभावक निर्धारित समय तक आवश्यक दस्तावेज के साथ विद्यालय में प्रवेश करा लें।