फोटो30छात्रा सानिया निर्भय। स्रोत:स्वयं
सोरोंजी। तीर्थनगरी की मेधावी छात्रा सानिया निर्भय ने अपनी प्रतिभा के दम पर भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) तक अपनी पहुंच बनाकर जनपद का नाम रोशन किया है। सानिया का चयन आगामी 10 अप्रैल को बेंगलुरु में आयोजित होने वाली स्पेस क्राफ्ट मिशन ऑपरेशंस (SMOPS 2026) की अंतरराष्ट्रीय सेमिनार के लिए हुआ है। इस प्रतिष्ठित सेमिनार के लिए पूरे देश से मात्र 15 विद्यार्थियों का चयन किया गया है, जिनमें सानिया भी शामिल हैं।सानिया निर्भय वर्तमान में नोएडा के लॉयड इंस्टीट्यूट ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी में बीटेक प्रथम वर्ष की छात्रा हैं। उन्होंने अपनी प्रारंभिक शिक्षा तीर्थनगरी के संत तुलसीदास म्युनिसिपल इंटर कॉलेज से पूरी की, जहां से उन्होंने इंटरमीडिएट की परीक्षा पास की थी। सानिया व्यवसायी दीपक निर्भय की सुपुत्री और पूर्व बैंक प्रबंधक महेश चंद निर्भय की पौत्री हैं। वे बचपन से ही पढ़ाई में कुशाग्र रही हैं और अंतरिक्ष विज्ञान में उनकी गहरी रुचि रही है।इसरो की ओर से आयोजित इस अंतरराष्ट्रीय सेमिनार में अंतरिक्ष मिशन के संचालन और नई तकनीकों पर चर्चा की जाएगी। इतने बड़े मंच पर देश के गिने-चुने विद्यार्थियों में स्थान पाना न केवल सानिया के लिए बल्कि पूरे कासगंज जनपद के लिए गौरव की बात है। बेटी की इस ऐतिहासिक उपलब्धि की जानकारी मिलते ही तीर्थनगरी में खुशी की लहर दौड़ गई। सानिया के परिवार को बधाई देने वालों का तांता लगा हुआ है। परिजन ने सानिया के उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।