फोटो 44 भरगैन में दरगाह स्थित चोरी की घटना के बाद गुल्लक की जांच करती पुलिस। पुलिस मीडिया
पटियाली। कोतवाली क्षेत्र के कस्बा भरगैन में चोरों ने हजरत चिश्ती पीर बाबा की दरगाह को निशाना बनाया। चोर गुल्लक तोड़कर उसमें रखी करीब 30 से 35 हजार रुपये की नकदी चोरी कर ले गए। रविवार रात हुई वारदात दरगाह में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई। पुलिस फुटेज के आधार पर चोरों की पहचान करने में जुटी है।
सीसीटीवी फुटेज के अनुसार, वारदात रविवार रात करीब 12 बजे की है। इसमें दो चोर गुल्लक तोड़ते दिखाई दे रहे हैं। चोरों ने दरगाह के बाहर लगे चार सीसीटीवी कैमरों के तार काट दिए थे लेकिन अंदर लगे चार अन्य कैमरे चालू थे। जिनमें चोरी की वारदात रिकॉर्ड हो गई।
दरगाह कमेटी के अध्यक्ष हुसैन आलम और सचिव इब्ने अली खान ने पुलिस को तहरीर दी है। पुलिस ने मौके पर निरीक्षण किया। सीओ अमित कुमार ने बताया कि दरगाह की गुल्लक से नकदी चोरी होने की शिकायत मिली है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर मामले की जांच की जा रही है।