कासगंज। शरद पूर्णिमा गंगा स्नान पर्व पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए जिले यातायात व्यवस्था में बदलाव किया गया है। 25 अक्टूबर को लहरा और कछला गंगा घाट सहित हरि की पैड़ी पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। इसे देखते हुए यातायात पुलिस ने रूट डायवर्जन प्लान जारी किया है। 25 अक्टूबर की रात 8 बजे तक डायवर्जन व्यवस्था लागू रहेगी।सीओ यातायात रजनीश उपाध्याय ने बताया कि एटा से बदायूं-बरेली जाने वाले वाहन सौरभ ढाबा, एटा रोड से अमरपुर घाट बाईपास, मंडी तिराहा, सहावर और गंजडुंडवारा होते हुए कादरगंज गंगा पुल से बदायूं की सीमा में प्रवेश करेंगे। हाथरस से आने वाले वाहनों को नदरई तिराहा से इसी मार्ग पर डायवर्ट किया जाएगा। अलीगढ़ से आने वाले वाहन हजारा नहर पुल, मामों बाईपास और गोरहा नहर पुल से सहावर व गंजडुंडवारा होते हुए कादरगंज पहुंचेंगे। कछला घाट से कासगंज आने वाले वाहन नगरिया से यातगंज, सहावर, अमांपुर और सिनपुरा होकर अपने गंतव्य तक जाएंगे। सोरों से बदायूं-बरेली जाने वाले वाहन नगरिया तिराहा से शहबाजपुर होते हुए कादरगंज पुल पहुंचेंगे। वहीं बदायूं की ओर से आने वाले भारी वाहन तरसी तिराहा से पटियाली और सिढ़पुरा होकर जाएंगे।
श्रद्धालुओं के लिए बनाए गए चार पार्किंग स्थल
श्रद्धालुओं के वाहनों के लिए गोला कुआं के पास निर्माणाधीन सड़क, घोड़ा मेला मैदान सोरों, मेला मैदान सोरों और पुरानी पुलिस लाइन में पार्किंग की व्यवस्था की गई है। श्रद्धालुओं से निर्धारित मार्गों और पार्किंग स्थलों का पालन करने की अपील की गई है।