कासगंज। अगर आप बारिश के मौसम में सड़कों पर निकल रहे हैं, तो संभलकर चलें। शहर के कई इलाकों में खुले पड़े मैनहोल लोगों की जान के लिए बड़ा खतरा बन चुके हैं। बारिश के पानी में छिपे ये डेथ ट्रैप कभी भी किसी बड़े हादसे का कारण बन सकते हैं।
मोहल्ला मोहन और गली कायस्थान समेत कई जगहों पर मैनहोल बिना ढक्कन के खुले हैं। बारिश में जलभराव होने पर सड़क और मैनहोल का फर्क खत्म हो जाता है। सबसे ज्यादा खतरा स्कूली बच्चों, बुजुर्गों और बाइक सवारों को है।
स्थानीय निवासी सोनू के मुताबिक, ट्रांसफॉर्मर के पास मुख्य सड़क पर मैनहोल खुला है और दो जगहों पर ढकी गईं पटिया टूट चुकी हैं। वहीं, गली कायस्थान तिराहे पर भी खुला मैनहोल आए दिन हादसों को दावत दे रहा है।
बार-बार होते हादसों के बावजूद नगर पालिका बेखबर है। गुस्साए लोगों ने नगर पालिका से तत्काल सभी मैनहोल पर ढक्कन लगाने, अस्थायी बैरिकेडिंग और चेतावनी साइन लगाने की मांग की है। चेतावनी दी गई है कि लापरवाही न रुकी तो बड़ा हादसा तय है।
अधिशासी अधिकारी विवेक त्रिपाठी ने बताया कि उन्होंने कर्मियों को शहर में खुले मैनहोल का सर्वे कराने के निर्देश दिए हैं। जल्द ही इन्हें बंद कराया जाएगा। ताकि लोगों को परेशानी न हो।
-
हादसे की आशंका रहती है
-मोहल्ला मोहन में तीन जगह सड़क पर मैनहोल खुले पड़े हैं। बारिश में पानी भरने पर खुला मैनहोल दिखाई नहीं देता है। इससे हादसे की आशंका बनी रहती है। -रोजी,निवासी मोहल्ला माेहन
-गली कायस्थान में सड़क बनाने के बाद मैनहोल खुला छोड़ दिया है। बारिश के समय परेशानी होती है। कई बार शिकायत के बाद भी नगर पालिका कर्मियों ने इस और ध्यान नहीं दिया है। -मुकेश कुमार,निवासी गली कायस्थान